बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र से लापता हुई 15 वर्षीय छात्रा को पुलिस ने कोटा क्षेत्र से बरामद कर लिया है. पुलिस ने मामले में भावाकांपा निवासी मुकेश कुर्रे को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है.

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को छात्रा के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना उसकी मां ने थाने में दी थी. छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कोटा क्षेत्र के एक युवक की गांव में रिश्तेदारी है और उसे छात्रा के साथ पहले भी देखा गया था. इसके बाद पुलिस ने युवक और छात्रा से जुड़ी जानकारी जुटाई.

पुलिस के मुताबिक, तलाश के दौरान आरोपी के गांव में होने का पता चला. टीम जब वहां पहुंची तो जानकारी मिली कि छात्रा को आरोपी ने अपने घर में छिपाकर रखा है. तलाशी के दौरान छात्रा वहां मिल गई.

पुलिस ने छात्रा से पूछताछ के बाद दुष्कर्म की जानकारी सामने आने का दावा किया है. इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.