छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में घर से लापता हुईं दो नाबालिग सगी बहनों को सकरी पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सकुशल खोज लिया. दोनों बच्चियां बिना बताए घर से निकल गई थीं और रास्ता भटकने के कारण वापस नहीं पहुंच पा रही थीं.

बच्चियों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और मामला दर्ज कर संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की. खोजबीन के दौरान दोनों के मंगला स्थित एक पार्क में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने परिजनों की मदद से दोनों बहनों को वहां से सुरक्षित बरामद कर लिया.

लंबे समय तक बेटियों का पता नहीं चलने से परिवार के लोग परेशान थे. दोनों बच्चियों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली. बेटियों को सामने देखकर उनकी मां भावुक हो गईं और उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े.

परिजनों ने दोनों नाबालिगों को सुरक्षित वापस लाने और त्वरित कार्रवाई के लिए सकरी पुलिस का आभार जताया.