छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मनरेगा की मजदूरी के भुगतान को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी के अंतर्गत ग्राम सरसेनी की बताई गई है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गांव निवासी राजकुमार सोल्डे अपने चाचा और गांव के सरपंच पति नारायण सोल्डे के घर खाना खाने पहुंचे थे. रात करीब 8 बजे के बाद नारायण के घर के पास पुरानी बात को लेकर ललित सोल्डे और उसके परिवार के लोगों के साथ कहासुनी होने का आरोप है. राजकुमार ने कथित तौर पर गाली-गलौज का विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.

राजकुमार की शिकायत के मुताबिक, ललित और उसके साथ मौजूद लोगों ने सिर पर लाठी से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी. बीच-बचाव करने पहुंचे रामायण सोल्डे और नारायण सोल्डे के साथ भी मारपीट का आरोप है. इस पक्ष के अनुसार, तीनों को चोटें आई हैं.

दूसरे पक्ष की ओर से तितरी बाई सोल्डे ने आरोप लगाया कि उनके पति ललित सोल्डे रोजगार गारंटी योजना के तहत चार सप्ताह की मजदूरी मांगने पहुंचे थे. उनके अनुसार, इसी बात पर नारायण, रामायण और राजकुमार ने गाली-गलौज की और ललित के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की. तितरी बाई का कहना है कि पति को बचाने पहुंचने पर उनके बेटे आर्यन और बेटी अंतरा के साथ भी मारपीट की गई. शिकायत में तीनों को चोट लगने और धमकी देने का आरोप है.

पुलिस ने राजकुमार की शिकायत पर ललित, आर्यन और तितरी बाई के खिलाफ BNS की धारा 109, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. तितरी बाई की शिकायत पर नारायण, रामायण और राजकुमार के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस दोनों शिकायतों की जांच कर रही है.