बिलासपुर में पांच साल के बच्चे की जैविक मां रोशनी सोनी के खिलाफ दर्ज अपहरण के मामले में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने अगली सुनवाई तक आगे की कार्रवाई पर रोक लगा दी है. कोर्ट ने राज्य शासन से केस डायरी पेश करने और संबंधित पुलिस अधिकारी को उपस्थित होकर जवाब देने का निर्देश दिया है.

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार की पीठ ने की. पीठ ने पुलिस से पूछा कि बच्चे की मां के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी किन परिस्थितियों में दर्ज की गई और बच्चे की अभिरक्षा शिकायतकर्ता को किस आधार पर सौंपी गई.

बिलासपुर के मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी की निवासी रोशनी सोनी ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और आपराधिक कार्यवाही को चुनौती दी है. याचिका में उनका कहना है कि वह बच्चे की जैविक मां और प्राकृतिक अभिभावक हैं. उन्होंने यह भी दलील दी कि पुलिस ने बच्चे को उनकी अभिरक्षा से लिया था, इसलिए भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 137(2) के तहत उनके खिलाफ अपहरण का अपराध प्रथम दृष्टया नहीं बनता.

सुनवाई के दौरान राज्य की ओर से इस दलील का विरोध किया गया. राज्य के अनुसार, प्राथमिकी में कहा गया है कि मां ने बच्चे को स्वयं शिकायतकर्ता आकाश सर्वगोड की अभिरक्षा में सौंपा था. बाद में बच्चे के अपहरण का आरोप सामने आने पर शुरुआत में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

किन कार्यवाहियों पर रोक लगी

हाई कोर्ट ने सरकंडा थाने में दर्ज प्राथमिकी क्रमांक 1225/2025, 29 अक्टूबर 2025 के उस आदेश जिसमें आरोपपत्र पर संज्ञान लिया गया था, और बिलासपुर के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में लंबित आपराधिक प्रकरण क्रमांक 31132/2025 की आगे की कार्यवाही पर रोक लगाई है.

कोर्ट ने हेड कांस्टेबल संगीता नेताम और आकाश सर्वगोड को नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया है. मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को होगी. कोर्ट ने फिलहाल प्राथमिकी रद्द नहीं की है, बल्कि अंतरिम रोक लगाकर पूरे घटनाक्रम पर पुलिस का जवाब मांगा है.