बिलासपुर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय का सातवां दीक्षांत समारोह 3 नवंबर को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रमेन डेका कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.

समारोह में प्रोफेसर कैलाश चंद्र शर्मा दीक्षांत वक्ता और प्रोफेसर नागेश्वर राव दीक्षांत अतिथि के रूप में शामिल होंगे. केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री टंकराम वर्मा को विशिष्ट अतिथियों के तौर पर आमंत्रित किया गया है.

नगर विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव और दिलीप लहरिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की भी समारोह में मौजूदगी रहेगी. कार्यपरिषद सदस्य गोमती साय और लता उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और महापौर पूजा विधानी भी आमंत्रित अतिथियों में शामिल हैं. कुलपति प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार सारस्वत विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे.

72 विद्यार्थियों को 119 स्वर्ण पदक

समारोह में पांच शैक्षणिक सत्रों के विभिन्न संकायों की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान हासिल करने वाले 72 विद्यार्थियों को 119 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे. इनमें दानदाताओं की ओर से दिए गए 14 स्मृति स्वर्ण पदक भी शामिल हैं. इसके अलावा पांच विद्यार्थियों को पीएचडी यानी विद्या वाचस्पति की उपाधि प्रदान की जाएगी.

विश्वविद्यालय के अनुसार, जनवरी-दिसंबर 2023 से जनवरी-दिसंबर 2025 तक के पांच सत्रों में कुल 24,800 विद्यार्थियों ने परीक्षाएं पास की हैं. इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी पत्रोपाधि, डिप्लोमा पत्रोपाधि और सर्टिफिकेट परीक्षाएं शामिल हैं.

समारोह की रिहर्सल 2 नवंबर को दोपहर 2 बजे होगी. इसमें पीएचडी उपाधि और स्वर्ण पदक पाने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे. कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय परिसर में वाटरप्रूफ डोम तैयार किया जा रहा है.