बिलासपुर में संदिग्ध म्यूल बैंक अकाउंट के जरिए पांच राज्यों में हुई साइबर ठगी के मामलों का लिंक सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में बलौदाबाजार के परसाडीह वार्ड-4 निवासी बलवन घृतलहरे को गिरफ्तार किया है. पुलिस का आरोप है कि युवक ने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता और ATM कार्ड साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए दिया था.

डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देश के बाद संदिग्ध खाते की जांच शुरू की गई थी. भारत सरकार के समन्वय पोर्टल JMIS पर खाते की जानकारी खंगालने पर इससे जुड़ी पांच साइबर शिकायतें मिलीं.

बैंक खाते में आते ही रकम ट्रांसफर

जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एक खाते में संदिग्ध लेनदेन का पता चला. पुलिस के अनुसार, देश के पांच राज्यों के पीड़ितों से साइबर ठगी के जरिए हासिल रकम सीधे इस खाते में जमा कराई जाती थी. बैंक स्टेटमेंट में साइबर ठगी से जुड़ी रकम के अलावा अन्य जमा राशियों की भी जानकारी मिली.

पुलिस का कहना है कि रकम खाते में पहुंचने के कुछ ही मिनटों बाद खाताधारक और उसके साथी सक्रिय हो जाते थे. इसके बाद UPI और ATM के जरिए रकम निकाली या दूसरे खातों में ट्रांसफर की जाती थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस तरह रकम को जल्द हटाने की कोशिश की जाती थी, ताकि बैंक खाता फ्रीज न हो सके.

मस्तूरी थाने के मल्हार पुलिस सहायता केंद्र की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामले में आरोपी की भूमिका बैंक खाता उपलब्ध कराने और ठगी की रकम को छिपाने या आगे भेजने में मदद करने के आरोपों से जुड़ी है.