बिलासपुर के मोपका क्षेत्र में युवक मनोज कुमार चंद्राकर की हत्या के मामले में पंचम अपर सत्र न्यायालय ने आरोपी हरीश कुमार पैकरा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने उस पर 100 रुपये का अर्थदंड भी लगाया. जुर्माना नहीं भरने पर उसे दो महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा.

अभियोजन के अनुसार, मनोज 19 दिसंबर 2024 को पत्नी और दो बच्चों के साथ जर्वे स्थित ससुराल गया था. 24 दिसंबर को वह पत्नी को बैंक में काम होने की बात कहकर अकेले बिलासपुर लौट आया. इसके बाद उसका मोबाइल बंद मिलने लगा. परिजनों ने चिल्हाटी स्थित घर जाकर देखा तो मनोज का शव पलंग पर पड़ा था. उसके शरीर पर चोट के निशान थे और बिस्तर पर खून फैला हुआ था.

जांच के दौरान पुलिस को मनोज के मोबाइल की कॉल डिटेल से 24 दिसंबर को हरीश पैकरा से बातचीत की जानकारी मिली. अभियोजन के मुताबिक, 23 वर्षीय पैकरा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बिलासपुर आया था और उसकी मनोज से पहचान थी.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पैकरा ने दावा किया कि मनोज उसे घर ले गया और शराब पिलाने के बाद उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया. अभियोजन का कहना है कि इससे नाराज होकर उसने घर में रखे चाकू, तवे और पेचकस से हमला किया और मनोज की हत्या के बाद उसकी मोटरसाइकिल लेकर चला गया.

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर खून लगे कपड़े, स्कार्फ, चाकू, तवा और पेचकस जब्त किए. अभियोजन ने कॉल डिटेल, फिंगरप्रिंट, आरोपी की टी-शर्ट पर मिले खून और रेलवे स्टेशन से बरामद मोटरसाइकिल समेत अन्य साक्ष्य अदालत के सामने रखे. अदालत के अनुसार, आरोपी इन साक्ष्यों और घटना के समय अपनी मौजूदगी को लेकर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सका.

न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत उसे हत्या का दोषी मानते हुए यह सजा सुनाई.