बिलासपुर नगर निगम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर ठेकेदारों पर सख्ती के संकेत दिए हैं. कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने इंजीनियरों और ठेकेदारों की बैठक में कहा कि घटिया काम करने या निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है.
निगम के दृष्टि सभाकक्ष में हुई बैठक में सभी जोन के निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई. कमिश्नर ने अधूरे और अब तक शुरू नहीं हुए कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता न हो.
कमिश्नर ने बारिश का मौसम खत्म होने की ओर होने का हवाला देते हुए ठेकेदारों से काम में तेजी लाने को कहा. सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में ठेकेदारों ने बिल पास होने में देरी, फंड की कमी और गैर-तकनीकी लोगों के काम में दखल की समस्याएं रखीं. कमिश्नर ने बिलिंग की समयसीमा तय करने और फंड से जुड़ी समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया.
ठेकेदारों ने जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया आसान बनाने तथा भुगतान के लिए स्पष्ट समयसीमा तय करने की मांग की. कमिश्नर ने इन मांगों पर विचार करने की बात कही. बैठक में अधीक्षण अभियंता एसपी साहू और ठेकेदार संघ के प्रतिनिधियों समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
