बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के नगोई मेन रोड स्कूल चौक में एक व्यक्ति पर पड़ोसी महिला के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, महिला की सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम के साथ भी आरोपी ने विवाद किया और कुल्हाड़ी से सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया. मामले में आरोपी निखिल महेश्वरी के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं.

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे हुई. नगोई निवासी नेहा महेश्वरी अपने घर पर थीं. आरोप है कि निखिल महेश्वरी जबरन घर में घुसा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा. पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसने कथित तौर पर गाली-गलौज, धमकी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की. इसके बाद फावड़े से घर के दरवाजे में तोड़फोड़ की और महिला को मारने के लिए दौड़ाया. महिला ने भागकर अपनी जान बचाई.

डायल 112 वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त

घटना की सूचना पर डायल 112 में इवेंट क्रमांक 1036100 दर्ज किया गया. आरक्षक मनीराम साहू और वाहन चालक पालेश्वर नायक दोपहर करीब 12:15 बजे सरकारी वाहन क्रमांक CG03A2462 से मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मी महिला के पति जलेश्वर महेश्वरी और आरोपी को समझाइश दे रहे थे.

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी पड़ोसी के घर से कुल्हाड़ी लेकर आया और पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए वाहन पर हमला कर दिया. हमले में वाहन का सामने और बाईं ओर का शीशा टूट गया. आरोप है कि उसने आरक्षक और चालक को भी कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाया, जिससे सरकारी काम बाधित हुआ और डायल 112 इवेंट का निपटारा नहीं हो सका.

आरक्षक मनीराम साहू की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं 3-LCG, 132, 221, 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया. वहीं, नेहा महेश्वरी की शिकायत पर धाराएं 115(2), 119(1), 296, 324(4), 333 और 351(3) लगाई गई हैं. पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है.