छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा एसपी कार्यालय बनकर तैयार हो गया है. तीन मंजिला इस भवन में 60 कमरे बनाए गए हैं. यहां पुलिस अधिकारियों के लिए आधुनिक चैंबर, हाईटेक मीटिंग हॉल और तकनीकी सुविधाओं से लैस कार्यालय तैयार किए गए हैं.

नए कार्यालय की प्रमुख सुविधा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम है. इसके जरिए एसपी कार्यालय से जिले के सभी थानों के थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद किया जा सकेगा. विभागीय बैठक, समीक्षा और जरूरी दिशा-निर्देश ऑनलाइन दिए जा सकेंगे. इससे थाना प्रभारियों को हर बैठक के लिए मुख्यालय आने की जरूरत नहीं होगी और वे अपने क्षेत्र से ही बैठक में शामिल हो सकेंगे.

सीसीटीएनएस-2 से रिकॉर्ड का डिजिटल प्रबंधन

भवन में अत्याधुनिक सीसीटीएनएस लैब तैयार की जा रही है. पुलिस के अनुसार, इसके दूसरे चरण में जिले के थानों को बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा. इससे केस डायरी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और जांच से जुड़े दस्तावेजों का डिजिटल प्रबंधन आसान होगा. न्यायालय के साथ डिजिटल समन्वय की सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे जरूरी दस्तावेजों और साक्ष्यों तक पहुंच सुगम हो सकेगी.

नए भवन में एएसपी ग्रामीण मुख्यालय, आरआई कार्यालय, डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है. मीटिंग हॉल में प्रोजेक्टर, प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा होगी. कर्मचारियों को इन तकनीकी व्यवस्थाओं के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा. फर्नीचर और अन्य सामान की खरीदी शासकीय GeM पोर्टल से की गई है.

ग्राउंड फ्लोर पर शिकायत लेकर आने वाले लोगों के लिए विजिटर रूम बनाया गया है. परिसर में कैंटीन की सुविधा भी होगी. एसएसपी रजनेश सिंह ने भवन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 नवंबर को इसका लोकार्पण कर सकते हैं, लेकिन कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.