बिलासपुर की सरकंडा पुलिस ने ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है. पुलिस का आरोप है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करता था. इन खबरों को न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित किए जाने की बात कही गई है.

पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ ऐसी खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जिनमें तस्वीरों को बदलकर गलत संदर्भ में पेश किया गया. इससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप है.

शिकायत की जांच के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची. उसे रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई के दौरान दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि इन मोबाइल फोन की जांच में पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं. डिजिटल साक्ष्यों की जांच अभी जारी है.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराओं 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी.