बिलासपुर नगर निगम के दृष्टि सभाकक्ष में कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने इंजीनियरों, अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की. बैठक का उद्देश्य कार्यों में तेजी लाना और ठेकेदारों की समस्याओं व सुझावों पर चर्चा करना था.
कमिश्नर ने कहा कि बारिश का मौसम समाप्ति की ओर है. ऐसे में सभी कार्यों को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए. उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया और कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
बैठक में कमिश्नर ने सभी जोन क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की. उन्होंने निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए. अधिकारियों और ठेकेदारों से कार्यों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया.
कमिश्नर ने विशेष रूप से कम दर पर स्वीकृत कार्यों में भी गुणवत्ता बनाए रखने की बात कही. उन्होंने चेतावनी दी कि काम में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है.
ठेकेदारों ने बैठक में बिलिंग में देरी, फंड जारी होने में विलंब और गैर-तकनीकी लोगों के कार्यों में हस्तक्षेप जैसी समस्याएं रखीं. इसके अलावा अनावश्यक रूप से जटिल दस्तावेजी प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग भी की गई.
कमिश्नर ने बिलिंग प्रक्रिया के लिए समयसीमा तय करने और फंड से जुड़ी समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया. दस्तावेजों के सरलीकरण के प्रस्ताव का विश्लेषण करने की बात भी कही गई. बैठक में अधीक्षण अभियंता एसपी साहू, कार्यपालन अभियंता, सब इंजीनियर और ठेकेदार संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
