बिलासपुर शहर में नंबर प्लेट छिपाकर या उसमें छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस के अनुसार, अब तक 724 वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं और उनसे कुल 7 लाख 24 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है. इन मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है.

यह अभियान एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे की निगरानी में चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है.

इन तरीकों से छिपाई जा रही नंबर प्लेट

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कुछ वाहन चालक चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर कागज, टेप, मैग्नेट, पेंट, कपड़ा या पन्नी लगा देते हैं. कुछ मामलों में नंबर प्लेट को मोड़कर भी पंजीकरण संख्या छिपाने की कोशिश की जाती है. पुलिस ने ऐसे वाहनों की पहचान के लिए शहर के सभी ट्रैफिक पॉइंट्स पर निगरानी बढ़ा दी है.

एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने सभी पॉइंट्स पर तैनात कर्मचारियों को ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं. पुलिस के अनुसार, संदिग्ध वाहन की जानकारी कंट्रोल रूम के जरिए शहर के ट्रैफिक और स्थानीय थानों तक पहुंचाई जाएगी. यदि किसी वाहन को तुरंत रोकना संभव न हो, तो उसे अगले चौक या ट्रैफिक पॉइंट पर रोककर जांच करने को कहा गया है.

संदिग्ध गतिविधियों की आशंका पर जांच

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ हमेशा केवल चालान से बचने के लिए हो, यह जरूरी नहीं है. पुलिस ने ऐसे वाहनों के संदिग्ध या अवैधानिक गतिविधियों में इस्तेमाल की आशंका भी जताई है. पुलिस के अनुसार, चोरी के वाहन पर टेप लगाकर नंबर छिपाने के एक मामले में आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में कार्रवाई हुई थी और उसे जेल भेजा गया था.

पुलिस ने वाहन चालकों से जरूरी दस्तावेज साथ रखने और नंबर प्लेट को स्पष्ट, निर्धारित प्रारूप में रखने की अपील की है.