बिलासपुर में आगामी जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग और स्पष्ट कॉलम शामिल करने की मांग उठी है. जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा.

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष सुनील साहू ने किया. ज्ञापन में कहा गया है कि ओबीसी समुदाय की वास्तविक संख्या के सटीक आंकड़े जुटाना जरूरी है, ताकि आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित की जा सके.

सुनील साहू ने कहा कि ओबीसी समुदाय की नई और आधिकारिक जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध नहीं होने से शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, छात्रवृत्ति और जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारण प्रभावित होता है. उन्होंने इसे सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास से जुड़ा विषय बताया.

साहू के अनुसार, ज्ञापन के जरिए देश और राज्य के पिछड़ा वर्ग समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की मांग उठाई गई है.

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि अगली राष्ट्रीय जातिगत जनगणना में ओबीसी की गणना के लिए अलग कॉलम जोड़ा जाना चाहिए. उन्होंने समुदाय की वास्तविक आबादी के आंकड़े वैज्ञानिक, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जुटाने की मांग की.