बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे और हवाला के जरिए कथित अवैध कारोबार की जांच में पुलिस को करीब 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. पुलिस के अनुसार, सट्टे से हासिल रकम को हवाला के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में भेजा गया और उससे संपत्तियां खरीदी गईं.
पुलिस ने 13 नवंबर को संदिग्धों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली थी. इस दौरान करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए. बरामद संपत्ति दस्तावेजों के आधार पर पुलिस अब मालिकाना हक और खरीद में इस्तेमाल रकम के स्रोत की जांच कर रही है.
तीन आरोपियों के खिलाफ LOC
सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और जबलपुर निवासी आकाश गोगा के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है. पुलिस के मुताबिक, यह कदम आरोपियों के देश छोड़ने की कोशिश रोकने के लिए उठाया गया है. विदेश में मौजूद संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.
जांच में नेटवर्क के तार दुबई तक जुड़े होने और वहां संपत्तियां होने की जानकारी मिलने का दावा किया गया है. पुलिस देश के कई राज्यों में हुए कथित लेन-देन, बैंक खातों, हवाला चैनल और संपत्तियों में निवेश की कड़ियों की जांच कर रही है.
पुलिस अपराध से अर्जित रकम से खरीदी गई संपत्तियों की पहचान के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की कार्रवाई की तैयारी कर रही है. हालांकि, संपत्तियों के स्रोत और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
