बिलासपुर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में पिछले पांच वर्षों के 24,800 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं. समारोह में उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आत्मविश्वास, मेहनत और निरंतर प्रयास सफलता की प्रमुख कुंजी हैं.

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने युवाओं को दूसरों से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी प्रतिभा और क्षमता पर भरोसा रखने की सलाह दी. उनके अनुसार, रोजगार और आजीविका के नए अवसरों के बीच युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर लक्ष्य की दिशा में मेहनत करनी चाहिए.

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर देने की अपील की. राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी या व्यक्तिगत सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है. उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, पौधे लगाने और उनकी देखभाल जैसे छोटे प्रयासों को सामाजिक बदलाव का माध्यम बताया.

मुक्त शिक्षा और डिजिटल संसाधनों पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले और नौकरी या अन्य जिम्मेदारियों के कारण नियमित पढ़ाई नहीं कर पाने वाले लोगों तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने युवाओं से इंटरनेट और डिजिटल तकनीक का उपयोग रचनात्मकता और विचारशक्ति बढ़ाने के लिए करने को कहा. साथ ही डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने और समय का सदुपयोग करने की सलाह दी.

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह विश्वविद्यालय नौकरी और अन्य जिम्मेदारियों के कारण नियमित शिक्षा से वंचित लोगों के सपनों को पूरा कर रहा है. उन्होंने विश्वविद्यालय को नैक की ए प्लस ग्रेडिंग मिलने पर बधाई दी और युवाओं से शिक्षा व कौशल का उपयोग समाज के उत्थान के लिए करने को कहा.

कुलपति वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने बताया कि विश्वविद्यालय में 12 नए ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं. इस वर्ष 35 नए अध्ययन केंद्र खोले गए और शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 40 अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति की गई. विद्यार्थियों की समस्याओं से जुड़ी व्यवस्था के तहत एक वर्ष में 5,707 शिकायतें प्राप्त हुईं, जबकि वेबसाइट पर 913 शैक्षणिक वीडियो उपलब्ध कराए गए हैं.

समारोह में विश्वविद्यालय की नई आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण और ‘अभ्युदय’ स्मारिका का विमोचन किया गया. विश्वविद्यालय की ओर से एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 विद्यार्थियों को बैग, स्वेटर, टिफिन और पानी की बोतलें भी वितरित की गईं.