बिलासपुर जिले में धान खरीदी शुरू होने से दो दिन पहले प्रशासन ने अवैध संग्रहण और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है. कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने सात ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया.
जिला प्रशासन के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों के नेतृत्व में टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान संग्रहण स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया. प्रशासन को आशंका है कि जब्त धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने के लिए जमा किया गया था. हालांकि, उपलब्ध जानकारी में धान के स्रोत की पुष्टि नहीं की गई है.
इन ठिकानों से हुई जब्ती
चकरभाठा स्थित नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल और श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल धान जब्त किया गया. कोटा के वार्ड नंबर एक स्थित श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल और ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल धान मिला.
बेलगहना के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और मझवानी, दारसागर स्थित पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया.
प्रशासन ने बताया कि सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. अनधिकृत संग्रहण और धान के अवैध कारोबार के खिलाफ जांच व निगरानी आगे भी जारी रखने की बात कही गई है.
