छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित PGBT कॉलेज में तत्कालीन प्राचार्य के कथित फर्जी हस्ताक्षर और कॉलेज की सील का इस्तेमाल कर पांच प्राध्यापकों के तबादले का प्रस्ताव भेजे जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि यह प्रस्ताव स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्रालय और संचालक को भेजा गया, जिसके आधार पर शिक्षकों का दूसरी जगह तबादला कर दिया गया.

मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है. तबादले के बाद रिटायर्ड प्राचार्य मीता मुखर्जी को दस्तावेजों में अपने हस्ताक्षर और कॉलेज की सील के इस्तेमाल की जानकारी मिली. उन्होंने फर्जीवाड़े की आशंका जताते हुए एसएसपी से शिकायत कर जांच की मांग की.

जांच में दस्तावेजों और सील का मिलान

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर थाना पुलिस ने जांच की. पुलिस ने मीता मुखर्जी, गवाह सोहित कुमार पटेल, अमर कुमार मलिक, माया दत्ता और कार्यालय कर्मचारी सुखनंदन लाल साहू के बयान दर्ज किए. संस्थान से मिले मूल दस्तावेजों और सील का मिलान करने पर जांच अधिकारियों ने दस्तावेजों में किए गए हस्ताक्षरों को फर्जी पाया.

कॉलेज प्रबंधन के प्रस्ताव के आधार पर सहायक प्राध्यापक नूर मोहम्मद रिज्वी, व्याख्याता करीम खान, डॉ. सलीम जावेद और विद्याभूषण शर्मा समेत पांच शिक्षकों का तबादला किया गया था.

आदेश में सामने आईं कई विसंगतियां

पुलिस जांच के अनुसार, आदेश क्रमांक 617 पर 13 नवंबर 2025 की तारीख दर्ज है, लेकिन शैक्षणिक सत्र 2025-26 की जगह 2026-27 लिखा गया था. छात्राओं के कॉमन रूम का दरवाजा बदलने से जुड़े आवेदन की हस्ताक्षर सूची में काट-छांट कर संचालक एससीईआरटी के नाम से कथित फर्जी छात्र संघ का लेटरपैड भी तैयार किया गया था.

थाना प्रभारी रवि तिवारी के अनुसार, पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 336(3), 336(4) और 340 के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस अब कथित रूप से शामिल कर्मचारियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई करेगी.