बिलासपुर शहर से लगे ग्राम पंचायत ढेका में सरकारी आबादी की जमीन पर दावे को लेकर विवाद के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों का निर्माण रोक दिया गया है. इस कार्रवाई से प्रभावित होने का दावा करते हुए अंबालिका सिंह और उनकी बेटी विमला सिंह ने कलेक्टर और एसडीएम से शिकायत की है. दोनों ने नायब तहसीलदार विनिता शर्मा के खिलाफ कार्रवाई और जांच किसी दूसरे अधिकारी से कराने की मांग की है.

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, विवाद ग्राम पंचायत ढेका के खसरा नंबर 41/22 और 41/26 से जुड़ा है. उनका दावा है कि इस जमीन पर उनका कई वर्षों से कब्जा है और इसी आधार पर ग्राम पंचायत तथा जनपद पंचायत ने वर्ष 2018 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए राशि मंजूर की थी.

उनके अनुसार, मकान का निर्माण वर्ष 2023-24 में शुरू हुआ था. पहली किस्त मिलने के बाद दूसरी किस्त जारी नहीं होने से काम रुक गया और मकान अधूरे रह गए. शिकायत में कहा गया है कि बाद में पंचायत ने दूसरी किस्त जारी की, जिसके बाद उन्होंने निर्माण दोबारा शुरू किया. इसी दौरान निर्माण पर रोक लगा दी गई.

शिकायतकर्ताओं का क्या आरोप है

अंबालिका और विमला सिंह का कहना है कि राजस्व विभाग पहले भी जमीन पर कब्जे की जांच कर चुका है. उनके मुताबिक, तत्कालीन तहसीलदार की जांच में मौके पर उनका कब्जा पाया गया था और रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने की सिफारिश की गई थी.

दोनों ने आरोप लगाया कि करीब 70 एकड़ जमीन के मालिक भूपेंद्र सिंह गांधी की आपत्ति के बाद निर्माण रोका गया. उनका यह भी कहना है कि दोबारा जांच के दौरान आसपास के लोगों से पर्याप्त पूछताछ नहीं की गई, जिससे उन्हें जांच की निष्पक्षता पर संदेह है.

अधिकारियों का पक्ष

नायब तहसीलदार विनिता शर्मा के मुताबिक, भूपेंद्र सिंह गांधी ने भू-स्वामी योजना के तहत सरकारी आबादी की जमीन पर दावा किया है और कब्जे से जुड़े दस्तावेज पेश किए हैं. उनके अनुसार, अंबालिका सिंह, विमला सिंह और भूपेंद्र गांधी—तीनों के दावे से जुड़ा मामला न्यायालय में चल रहा है. दोनों पक्षों से जवाब मांगा गया है. विवादित जमीन पर निर्माण रोकने का आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार स्थगन आदेश जारी किया गया.

एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि पंचायत से मंजूर प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों का निर्माण क्यों रोका गया.