बिलासपुर जिले में त्योहारों के दौरान जुआ-सट्टे और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, धनतेरस से अब तक जिले के 15 थाना क्षेत्रों में जुआ-सट्टे से जुड़े 74 मामले दर्ज किए गए हैं. इन मामलों में 311 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई के दौरान नकदी और बाइक समेत 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है.

पुलिस ने शहर के साथ-साथ बाहरी इलाकों के फार्म हाउस और सुनसान ठिकानों पर भी दबिश दी. थाना क्षेत्रवार कार्रवाई में रतनपुर सबसे आगे रहा, जहां 11 मामलों में 35 लोगों को पकड़ा गया. सिविल लाइन क्षेत्र में आठ मामलों में 33 और मस्तूरी में आठ मामलों में 27 गिरफ्तारियां हुईं. पुलिस ने त्योहारों के दौरान हुड़दंग और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की. सिविल लाइन पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, जबकि एक फरार वारंटी को भी पकड़ा गया.

मंदिर चोरी और सूने मकान में चोरी के मामले

तोरवा थाना क्षेत्र में देवरीडीह के बुढ़ादेव नगर स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, मुकुट 7 नवंबर को चोरी हुआ था. आरोपियों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट बरामद किया गया है.

मोपका चौकी पुलिस ने रामकृष्ण नगर में एक सूने मकान में चोरी के मामले में एक आरोपी को पकड़ा. मकान मालिक दिवाली मनाने परिवार के साथ गांव गया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी किया था. उसके कब्जे से आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस ने बताया कि चोरी की बाकी 15 हजार रुपये की रकम आरोपी ने खर्च कर दी थी. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.

सकरी पुलिस ने साइबर ठगी की रकम म्यूल बैंक खाते के जरिए ट्रांसफर किए जाने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बैंक खाते के खिलाफ करीब 18 साइबर ठगी की शिकायतें मिली हैं. इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. नए आरोपी के कब्जे से 1,950 रुपये नकद और मोबाइल जब्त किया गया है.

धान खरीदी के लिए 24 टोकन पंजीकृत

बिलासपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हुई. पहले दिन 17 धान उपार्जन केंद्रों से कुल 24 टोकन पंजीकृत किए गए. इनमें 22 टोकन ‘तुहर’ ऐप के माध्यम से और दो टोकन समितियों के जरिए जारी हुए.

15 नवंबर को धान खरीदी के पहले दिन जिले में 125.04 मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. किसानों ने उपज बेचने के लिए पंजीयन शुरू कर दिया है.