बिलासपुर पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की कथित सप्लाई से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क के मामले में पंजाब के अमृतसर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40) के रूप में हुई है. उसे बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
यह कार्रवाई सकरी पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने की. पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को उसलापुर बाजार के पास दीपक वालिया (32) को पकड़ा गया था. वह अमृतसर का निवासी है और फिलहाल उसलापुर में रह रहा था. उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये बरामद किए गए थे. इस मामले में सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया.
पूछताछ और तकनीकी इनपुट से मिला सुराग
पुलिस का कहना है कि दीपक वालिया से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर रविंद्रजीत सिंह की कथित भूमिका सामने आई. इसके बाद बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम पंजाब भेजी गई. टीम ने पंजाब पुलिस की मदद से अमृतसर में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया.
डीएसपी सुदीप सरकार के अनुसार, मामले की जांच केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. पुलिस नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है. एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी ने कहा कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
