बिलासपुर में पुलिस का 49 दिवसीय साइबर जागृति महाअभियान शुक्रवार को लखीराम ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ. पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चले इस अभियान के दौरान जिले में 18 लाख से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया. अभियान में बिलासपुर पुलिस साइबर जागरूकता के मामले में प्रदेश में 23वें स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंची.

समापन कार्यक्रम में बच्चों ने कथक और साइबर जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. फियोना खान ने ‘जगत जननी मां’ गीत पर कथक प्रस्तुत किया, जबकि डी फॉर डांस अकादमी के बच्चों ने हास्य-नाट्य के जरिए साइबर फ्रॉड के अलग-अलग तरीकों और उनसे बचाव का संदेश दिया.

सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों पर फोकस

पुलिस ने अभियान को सात सप्ताह में बांटकर हर सप्ताह एक अलग वर्ग को केंद्र में रखा. पहले सप्ताह में विद्यार्थी और युवा, दूसरे में बैंकिंग व वित्तीय संस्थाएं, तीसरे में वरिष्ठ नागरिक, चौथे में महिलाएं व छात्राएं, पांचवें में असंगठित क्षेत्र के युवा और श्रमिक, छठे में शासकीय संस्थाएं तथा सातवें सप्ताह में ग्रामीण और अर्धसैनिक क्षेत्र के नागरिकों को जागरूक किया गया.

अभियान के दौरान ऑनलाइन ठगी, यूपीआई और क्यूआर कोड फ्रॉड, फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, ओटीपी और केवाईसी ठगी, बैंक-कार्ड फ्रॉड, सिम स्वैप, पहचान की चोरी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, सेक्सटॉर्शन, मॉर्फ्ड फोटो-वीडियो और डीपफेक जैसे मामलों से बचने के तरीके बताए गए.

जुम्बा, नुक्कड़ नाटक और ग्राम चौपाल से जागरूकता

पुलिस ने जागरूकता गतिविधियों को भाषण और पंपलेट तक सीमित नहीं रखा. साइबर संवाद में लोगों को अपराधों की जानकारी देने के साथ पीड़ितों के अनुभव साझा किए गए. साइबर जुम्बा, नुक्कड़ नाटक, साइबर प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, हॉकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं, स्केटिंग, ताइक्वांडो और कराटे जैसी गतिविधियों को भी अभियान से जोड़ा गया.

रक्षाबंधन पर साइबर जागृति रक्षा सूत्र बांधा गया. पुलिस गणेश पंडालों तक पहुंची और ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर ग्राम चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया.

पुलिस के अनुसार 2026 में 3.5 करोड़ रुपये बचाए

पुलिस के साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 2022 में 1,050 साइबर अपराधों में 23.80 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी. उस साल गोल्डन आवर में संपर्क कर रकम होल्ड कराने वाले मामलों का अनुपात 5.28 प्रतिशत था. बाद के वर्षों में अपराध और ठगी की राशि बढ़ी, लेकिन पुलिस के अनुसार होल्ड कराई गई रकम का अनुपात 24.44 प्रतिशत तक पहुंच गया.

2026 के पहले आठ महीनों में 3,100 साइबर ठगी के मामलों में 12.23 करोड़ रुपये की रकम से जुड़े मामलों में पुलिस ने करीब 3.5 करोड़ रुपये होल्ड कराकर बचाने का दावा किया है.

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल दुनिया से जुड़े हर व्यक्ति के लिए साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी जरूरी है. एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के हर व्यक्ति को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था.