बिलासपुर में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया. कार्रवाई के दौरान 302.642 किलो गांजा जलाया गया, जबकि 21 हजार से ज्यादा नशीली टैबलेट, इंजेक्शन, कैप्सूल और कफ सिरप की शीशियों को नष्ट किया गया.

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में हुई. समिति के अध्यक्ष और बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्रवाई की निगरानी की. पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों के दोबारा इस्तेमाल की आशंका खत्म करना इस प्रक्रिया का उद्देश्य है.

चरस, ब्राउन शुगर और मेडिकल नशे की सामग्री नष्ट

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में 302.642 किलो गांजे के साथ 9.38 ग्राम चरस और 2.9 ग्राम ब्राउन शुगर भी जलाकर नष्ट की गई. इसके अलावा 9,641 इंजेक्शन, 11,610 नशीली गोलियां, कफ सिरप की 1,989 शीशियां और 248 कैप्सूल नष्ट किए गए.

कार्रवाई के दौरान एएसपी सिटी पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी और क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे. एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि नशे के अवैध नेटवर्क के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.