बिलासपुर में पुलिस ने दीपावली से पहले 150 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन लौटाए. पुलिस के मुताबिक, वापस किए गए स्मार्टफोन की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये है. यह कार्रवाई ‘आपकी अमानत, आपके पास’ उद्देश्य के साथ चलाए जा रहे अर्पण अभियान के तहत की गई.
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक बिलासपुर जिले में करीब 1,500 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं. पुलिस का दावा है कि मोबाइल रिकवरी का यह आंकड़ा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में सबसे अधिक है.
साइबर सेल ने अलग-अलग राज्यों से फोन ट्रैक किए
एसीसीयू की एएसपी मधुलिका सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों से मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए. पुलिस के मुताबिक, बरामद फोन पाने वालों में अस्पताल में इलाज के दौरान मोबाइल खो चुकी बुजुर्ग महिला, रक्षाबंधन पर भाई से मिला फोन खोने वाला व्यक्ति और अपनी पहली कमाई से मां को मोबाइल देने वाली युवती शामिल थीं.
कार्यक्रम में एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल और डीएसपी सुदीप सरकार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. हाईकोर्ट की एक अधिवक्ता और एक दिव्यांग बुजुर्ग ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की.
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की जानकारी दी गई. एसीसीयू प्रभारी सुदीप सरकार ने संचार साथी पोर्टल और ऐप के इस्तेमाल के बारे में बताया. इसके जरिए चोरी या गुम हुए मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक करने की सुविधा मिलती है.
