बिलासपुर की प्रशंसा पांडे 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी. दिल्ली रवाना होने से पहले शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उनका सम्मान किया गया.
महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी, सिन्हा, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा समेत अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया. शिक्षकों ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्रशंसा पांडे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता हैं. इसके अलावा वे विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में राज्य स्तर पर उपलब्धि दर्ज करा चुकी हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे पिछले दो वर्षों से नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं.
युवा नेतृत्व के क्षेत्र में उन्हें युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से Youth Icon की उपाधि भी मिली है. इस भूमिका में वे नशामुक्त भारत अभियान और युवाओं से जुड़े अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग ले चुकी हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी सहभागिता की है.
संसद भवन में उनका चयन युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में निरंतर भागीदारी से जुड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है.
