बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के बोड़सरा गांव में एक गर्भवती महिला पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित किया. महिला की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है.

पुलिस के अनुसार, महिला सभ्या की शादी करीब तीन साल पहले बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक से हुई थी. शुक्रवार रात दोनों घर पर थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान रॉड से हमला किए जाने की बात सामने आई है.

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. परिजन घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय जांच में गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि हुई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है और उसकी तलाश में बोड़सरा समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी के हिंसक व्यवहार का यह पहला मामला नहीं है. करीब पांच महीने पहले भी उस पर खाना देर से देने की बात को लेकर अपनी वृद्ध मां से मारपीट करने का आरोप लगा था. इन आरोपों की जांच जारी है.