छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिलासपुर जिले में पदस्थ सरकारी स्कूल के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र कुमार गौरहा के बलरामपुर तबादले पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है. कोर्ट ने इसी के साथ जारी किए गए रिलीविंग आदेश पर भी रोक लगाई है. मामले में राज्य शासन को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब देने का निर्देश दिया गया है.

मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच में हुई. प्राचार्य ने याचिका में बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग की युक्तियुक्तकरण नीति के तहत 4 जून 2025 को उनका पदस्थापन मस्तूरी ब्लॉक के दर्रीघाट स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया था. इसके बाद 3 नवंबर को उन्हें बलरामपुर जिले के विजय नगर स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया.

याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि 5 जून 2025 की तबादला नीति की कंडिका 3.10 के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में किसी कर्मचारी का दो साल की सेवा पूरी होने से पहले तबादला नहीं किया जा सकता. वकील ने यह भी कहा कि प्राचार्य के खिलाफ कोई शिकायत या तबादले के लिए विशेष प्रशासनिक आवश्यकता नहीं बताई गई है.

याचिका में प्राचार्य की उम्र करीब 59 वर्ष बताई गई है. साथ ही, 90 वर्ष से अधिक उम्र के पिता की देखभाल की जिम्मेदारी का उल्लेख किया गया है. मामले की अगली सुनवाई 27 जनवरी को होगी.