बिलासपुर साइबर पुलिस ने च्वाइस सेंटरों के QR कोड का इस्तेमाल कर कथित तौर पर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में करीब 45 च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाया. ठगी की अनुमानित रकम 20 से 25 लाख रुपए बताई गई है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित आहूजा (32), निवासी कमल विहार, रायपुर और आशीष केवटवानी (32), निवासी महावीर नगर, तेलीबांधा, रायपुर के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 2 हजार रुपए नकद, एक बलेनो कार, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.

नकद देने के बदले QR से रकम मंगवाई

मामले की शुरुआत बिल्हा मोड़ स्थित लक्ष्मी च्वाइस सेंटर के संचालक देवेंद्र रजक की शिकायत से हुई. पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को एक युवक सेंटर पर पहुंचा और ऑनलाइन भुगतान के बदले नकद देने की बात कही. उसने सेंटर के QR कोड की तस्वीर अपने मोबाइल से ली और किसी अन्य व्यक्ति को भेज दी. इसके बाद देवेंद्र के खाते में 16 हजार रुपए जमा हुए. उन्होंने 150 रुपए सर्विस चार्ज काटकर बाकी रकम युवक को नकद दे दी.

अगले दिन बैंक खाते पर रोक लगने के बाद देवेंद्र को जानकारी मिली कि खाते में आई रकम साइबर फ्रॉड से जुड़ी है. पुलिस के अनुसार, इसी तरीके से अन्य संचालकों के खातों में भी रकम मंगवाकर उनसे नकद लिया गया.

एक आरोपी QR भेजता, दूसरा रकम ट्रांसफर करता

पुलिस के अनुसार, अंकित अलग-अलग च्वाइस और CSC सेंटरों पर जाकर QR कोड की तस्वीर आशीष को भेजता था. आशीष उस QR कोड को स्कैन कर रकम ट्रांसफर करता था, जबकि अंकित सेंटर संचालकों से नकद लेकर चला जाता था. पुलिस ने अंकित को हिर्री और बिल्हा क्षेत्र में दोबारा वारदात की कोशिश के दौरान पकड़े जाने की बात कही है.

पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर के अलावा रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती और दुर्ग के संचालकों से भी शिकायतें मिली हैं. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 317(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है. जांच जारी है.