बिलासपुर रेल मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह आयोजन विशेष अभियान 6.0 के तहत होगा. कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी और कर्मचारी यात्रियों व आम नागरिकों से सीधे बातचीत करेंगे.

जनसंवाद का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं को समझना और स्टेशन तथा रेल सेवाओं से जुड़ी सुविधाओं में सुधार करना है. यात्री इस दौरान अपनी शिकायतें, अपेक्षाएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रख सकेंगे. स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और अन्य रेल सेवाओं से जुड़े अनुभवों पर भी चर्चा की जाएगी.

रेल प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों और सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज किया जाएगा. इसके बाद उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. इस पहल के जरिए यात्रियों को अपनी बात सीधे रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा. प्राप्त फीडबैक का इस्तेमाल यात्री सुविधाओं और स्टेशन व्यवस्थाओं में सुधार के लिए किया जा सकेगा.

जनसंवाद के बाद स्वच्छता गतिविधियां

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद संबंधित रेलवे स्टेशनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और यात्रियों तथा आम नागरिकों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा.

अभियान में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ यात्रियों व आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी. रेलवे प्रशासन का जोर स्टेशन परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने पर रहेगा.