बिलासपुर रेल मंडल में ट्रेनों की टक्कर रोकने वाली स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ का काम हादसे के एक साल बाद भी पूरी तरह लागू नहीं हो पाया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बिलासपुर-चांपा सेक्शन के करीब 50 किलोमीटर हिस्से में ही ट्रायल और टेस्टिंग पूरी हुई है, जबकि पूरे मंडल के 2,430 रूट किलोमीटर में यह काम जारी है.

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 264 सक्रिय इंजनों में से 238 में कवच के उपकरण लगाए जा चुके हैं. यानी 26 इंजन अभी इस प्रणाली से लैस नहीं हैं. परियोजना पर करीब 1,654 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

हादसे के बाद इन रेलखंडों को प्राथमिकता

4 नवंबर 2025 को लालखदान रेलवे फाटक के पास मेमू और मालगाड़ी की टक्कर में 14 लोगों की मौत हुई थी. जांच में सिग्नल ओवरशूट को हादसे की प्रमुख वजह बताया गया. इसके बाद बिलासपुर-चांपा सेक्शन को प्राथमिकता दी गई. यह यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों की आवाजाही वाला व्यस्त रेलखंड है.

कवच परीक्षण के दौरान ट्रैक पर लगाए गए आरएफआईडी टैग, स्टेशन उपकरण और इंजन में लगे सिस्टम के बीच तालमेल की जांच की गई. बिलासपुर-जयरामनगर रेलखंड में भी इंजन चलाकर परीक्षण हुआ है. गेवरा रोड-कोरबा-चांपा और चांपा-झारसुगुड़ा सेक्शन में रेडियो टावर, ऑप्टिकल फाइबर केबल और अन्य उपकरण लगाए जा रहे हैं.

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ शेख समी उर रहमान के अनुसार, बिलासपुर-चांपा और दुर्ग-मांढर सेक्शन में मानक कवच चालू कर दिया गया है. बाकी सेक्शन और एसआईएल-4 का काम जारी है.

अल्कोहल जांच के नियमों पर सवाल

हादसे की जांच में चालक दल के रक्त नमूनों में 3 से 10 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर एथेनॉल मिला था, जबकि ड्यूटी के दौरान ब्रेथ एनालाइजर जांच में अल्कोहल शून्य था. रेलवे चिकित्सा अधिकारियों ने सीआरएस को बताया था कि इतनी कम मात्रा की सटीक जांच प्रयोगशालाओं के लिए कठिन है. रनिंग स्टाफ ने इस मुद्दे पर रेलवे बोर्ड से स्पष्ट नीति की मांग की है.