दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में कर्मचारी समस्याओं और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर दो दिवसीय मंडल स्तरीय पीएनएम बैठक हुई. बैठक पांच और छह नवंबर को आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन ने की.
बैठक में मान्यता प्राप्त मजदूर संगठन और रेल प्रशासन के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की. संगठन की ओर से 85 सामान्य और 11 विशेष मुद्दे रखे गए. इन सभी विषयों पर विभागवार विचार-विमर्श किया गया और कई मामलों को सहमति बनने के बाद बंद किया गया.
चर्चा के प्रमुख विषयों में पदोन्नति, पुनर्तैनाती, कर्मचारी सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और आवासीय सुविधाएं शामिल रहे. साइडिंग माइलेज देने के मुद्दे पर भी सहमति बनी. डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए और रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
बैठक में एडीआरएम जेएस मीना, के. श्रीनिवास और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा मौजूद रहे. बैठक का संचालन डॉ. मिश्रा ने किया. मजदूर कांग्रेस के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, बी. कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव और आरके यादव सहित विभिन्न शाखा सचिव भी इसमें शामिल हुए.
पीएनएम यानी परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी रेलवे प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच औपचारिक संवाद का माध्यम है. इसके तहत कर्मचारियों की समस्याएं प्रबंधन के सामने रखी जाती हैं और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमों के अनुसार समाधान तलाशा जाता है. सहमति से मामलों के निपटारे का उद्देश्य कार्यस्थल पर समन्वय और औद्योगिक सौहार्द बनाए रखना है.
