दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में हुई दो दिवसीय मंडल स्तरीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी) बैठक में रेलवे मजदूर कांग्रेस की ओर से उठाए गए कर्मचारी हित से जुड़े 96 मुद्दों पर चर्चा की गई. इनमें 85 सामान्य और 11 विशेष मुद्दे शामिल थे.
बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन ने की. इस दौरान एडीआरएम जेएस मीना, के. श्रीनिवास और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में साइडिंग माइलेज प्रदान करने पर सहमति बनी. इसके अलावा कर्मचारियों की पदोन्नति, पुनर्तैनाती (रिडिप्लोयमेंट), कार्यस्थल पर सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, कार्यस्थल पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, आवास और अन्य कल्याणकारी विषयों पर विचार-विमर्श किया गया.
रेलवे मजदूर कांग्रेस के बिलासपुर मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, बी. कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव और आर.के. यादव समेत कर्मचारी प्रतिनिधियों ने बैठक में अपने विचार रखे.
डीआरएम राकेश रंजन ने कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों को समस्याएं सामने रखने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों और उनके परिजनों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है तथा कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैठक में उठाए गए मुद्दों पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
