बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने 12 किलो 950 ग्राम गांजे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 6 लाख 47 हजार 500 रुपये है. आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र निवासी दीपक गुप्ता (33) के रूप में बताई गई है.

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है. बताया गया कि वह नर्मदा एक्सप्रेस के देर से आने के कारण प्लेटफॉर्म पर टहल रहा था. सूचना के बाद GRP की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया.

दो बैगों से बरामद हुआ गांजा

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक गुप्ता बताया. पुलिस ने उसके पास रखे दो बैगों की तलाशी ली, जिनसे कुल 12 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद होने की बात कही गई है. GRP थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद यादव और SI विश्वनाथ चक्रवर्ती समेत पुलिस टीम ने कार्रवाई की.

GRP के मुताबिक, आरोपी नर्मदा एक्सप्रेस से मध्यप्रदेश के जबलपुर जाने की तैयारी में था. पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है, जिसने कथित तौर पर गांजे से भरे बैग उसे दिए थे. इस संबंध में मोबाइल नंबर के आधार पर पतासाजी की जा रही है.

पुलिस ने कहा कि जांच का उद्देश्य केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों की सप्लाई चेन का पता लगाना भी है. ट्रेनों के जरिए ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच गांजा ले जाने की आशंका को देखते हुए स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी को उसके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देने के बाद गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया. इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.