बिलासपुर के जोनल रेलवे स्टेशन पर एक यात्री से चाकू की नोक पर ₹5,000 लूटने के मामले में जीआरपी ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, घटना रविवार को प्लेटफॉर्म नंबर छह के रायपुर छोर की ओर हुई, जहां यात्री ट्रेन का इंतजार करते समय शौचालय गया था.

जीआरपी के मुताबिक, मरवाही के आइटीआई कॉलेज के पास रहने वाले रोहित रैदास महाराष्ट्र के अहिल्या नगर जाने के लिए बिलासपुर स्टेशन पहुंचे थे. आरोप है कि इसी दौरान चार लोगों ने उन्हें चाकू दिखाकर घेर लिया और उनका पर्स छीन लिया. पर्स में ₹5,000 नकद रखे थे. घटना के बाद रोहित जीआरपी थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत में बताए गए हुलिए के आधार पर रेलवे पुलिस ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म और अन्य हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने गजरा चौक की ओर जाने वाले फुट ओवरब्रिज के पास चार संदिग्धों को पकड़ा. उन्हें थाने लाकर शिकायतकर्ता से पहचान कराई गई. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की.

जीआरपी ने आरोपितों के कब्जे से कथित तौर पर लूटी गई रकम और चाकू बरामद किया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रितेश सोनकर उर्फ नाटे, राज कोसले उर्फ डैनी, राजा कोसले और मछली देवांगन के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपितों की उम्र 19 से 30 वर्ष के बीच है. चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.