बिलासपुर स्थित रेलवे एम्प्लाइज को-आपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी (रेलवे अर्बन बैंक) ने ग्रुप ‘सी’ के 35 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. यह भर्ती सोसाइटी के शेयरधारकों, सदस्यों और स्टाफ के आश्रितों के लिए है. आवेदन फॉर्म 17 सितंबर 2026 से उपलब्ध होंगे.
भर्ती में अकाउंटेंट असिस्टेंट के 2, केयरटेकर-कम-इलेक्ट्रिशियन के 6, जूनियर क्लर्क-कम-कंप्यूटर असिस्टेंट के 25, पीएस टू चीफ मैनेजर का 1 और स्टेनोग्राफर का 1 पद शामिल है. पदों के पे लेवल क्रमशः 5, 2, 2, 6 और 5 बताए गए हैं.
पात्रता और आवेदन की शर्तें
जारी सूचना के मुताबिक उम्र की गणना 1 सितंबर 2025 से की जाएगी. पात्र आवेदक के लिए 1 सितंबर 2025 तक 12 सीएमटीडी रिकवरी या शेयर सर्टिफिकेट जारी होने के 12 महीने पूरे होने की शर्त रखी गई है. इनमें से जो अवधि पहले पूरी होगी, उसे आधार माना जाएगा. विस्तृत शैक्षणिक योग्यता और अन्य नियम सोसाइटी की वेबसाइट पर दिए गए हैं.
आवेदन फॉर्म की कीमत 10 रुपये है. प्रत्येक पद के लिए 700 रुपये का गैर-वापसी योग्य आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है. एक उम्मीदवार अधिकतम दो पदों के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकता है. फॉर्म सोसाइटी की शाखाओं और एक्सटेंशन काउंटरों से कार्य दिवसों में सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक मिलेंगे.
CBT के बाद होंगे अन्य चरण
चयन प्रक्रिया में पहले 100 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी. इसके बाद शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के लिए ग्रुप डिस्कशन 5 अंक, ड्राफ्टिंग 5 अंक, कंप्यूटर स्किल टेस्ट 10 अंक और मौखिक साक्षात्कार 10 अंकों का होगा. अंतिम मेरिट इन सभी चरणों के कुल अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी.
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 शाम 4 बजे तक है. नियुक्ति से पहले दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच और पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रहेगा.
