दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर जोन की अलग-अलग ट्रेनों में पिछले दो वर्षों के दौरान 858 अतिरिक्त कोच लगाए हैं. रेलवे के अनुसार, इनमें 61 कोच स्थायी और 797 कोच अस्थायी रूप से जोड़े गए. इस व्यवस्था का उद्देश्य लंबी वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को उसी ट्रेन में अतिरिक्त सीट और बर्थ उपलब्ध कराना है.

रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 तक 341 अतिरिक्त कोच लगाए गए. इनमें 35 स्थायी और 306 अस्थायी कोच शामिल हैं. इससे पहले वित्त वर्ष 2025-26 में 26 स्थायी और 491 अस्थायी कोच जोड़े गए थे.

मांग के आधार पर तय होती है कोच की संख्या

रेलवे प्रत्येक ट्रेन में यात्रियों की संख्या और वेटिंग टिकट की स्थिति की निगरानी करता है. किसी श्रेणी में लगातार वेटिंग रहने पर उसी श्रेणी का अतिरिक्त कोच लगाया जाता है. त्योहारों, छुट्टियों और भीड़ वाले दिनों में अस्थायी कोच कुछ तय तारीखों के लिए लगाए जाते हैं और मांग घटने पर हटा दिए जाते हैं. लंबे समय तक यात्रियों की संख्या अधिक रहने पर कोच स्थायी रूप से बढ़ाए जाते हैं.

15 नवंबर तक स्थायी रूप से लगाए गए 35 कोच में 28 डेमू, 4 मेमू और 3 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के कोच हैं. रेलवे का कहना है कि मेमू और डेमू ट्रेनों में स्थायी बढ़ोतरी से बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल के विद्यार्थियों, कामगारों और छोटे व्यापारियों को रोजाना सफर में सुविधा मिल रही है.

रेलवे के अनुसार, कोच बढ़ाने की सीमा प्लेटफॉर्म की लंबाई, इंजन की क्षमता और पिट लाइन की लंबाई से तय होती है. पूरी क्षमता वाली ट्रेनों में जरूरत बढ़ने पर विशेष ट्रेन चलाने जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है.