बिलासपुर जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश और तूफान ने कटाई के लिए तैयार धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खेतों में खड़ी फसल के भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने और खराब होने की आशंका जताई जा रही है. धान के साथ सब्जियों की फसलों को भी नुकसान की बात सामने आई है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आकस्मिक बैठक लेकर फसल नुकसान का सर्वे तेज करने को कहा है. प्रशासन को सर्वे टीमों की संख्या बढ़ाने और कृषि विभाग के साथ फसल बीमा कंपनी के अधिकारियों से वास्तविक क्षति का आकलन कराने के निर्देश दिए गए हैं.
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा है कि बारिश और तूफान से धान समेत अन्य फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत और फसल बीमा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए. डिजिटल क्रॉप सर्वे का अनुभव रखने वाले युवाओं को भी सर्वे कार्य में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों का आकलन जल्द पूरा किया जा सके.
बीमा नहीं कराने वाले किसानों के लिए भी प्रावधान
प्रशासन के अनुसार, जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है और उनकी फसल को नुकसान हुआ है, उन्हें राजस्व पुस्तक परिपत्र यानी आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रता के आधार पर सहायता मिल सकती है. ऐसे किसानों की क्षति का सर्वे कर सहायता के प्रकरण तैयार करने के निर्देश राजस्व विभाग को दिए गए हैं.
चालू खरीफ सीजन में जिले के करीब 47 हजार किसानों ने एचडीएफसी एर्गो के माध्यम से फसल बीमा कराया है. प्रशासन ने कहा है कि राहत और बीमा दावे का लाभ वास्तविक क्षति के आधार पर नियमानुसार दिया जाएगा.
नुकसान की सूचना 72 घंटे में दें
कृषि विभाग के सहायक संचालक शशांक शिंदे के अनुसार, पकने के बाद काटकर खेत या खलिहान में रखी धान की फसल को पानी से नुकसान होने पर बीमित किसानों को नियमानुसार बीमा लाभ मिल सकता है. इसके लिए नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर दर्ज करानी होगी.
प्रभावित किसान टोल फ्री नंबर 14447, व्हाट्सऐप नंबर 7065514447 या अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी को सूचना दे सकते हैं. प्रशासन ने किसानों से निर्धारित समय-सीमा में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है.
