बिलासपुर जिले में गुरुवार रात से जारी बारिश ने धान किसानों की चिंता बढ़ा दी है. शनिवार सुबह तक करीब 36 घंटे की बारिश के कारण अधिकांश धान खरीदी केंद्रों में तौल और खरीदी का काम प्रभावित रहा. केंद्रों पर खुले में रखे धान और बारदानों को तिरपाल से ढंकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कई जगह कीचड़ और दलदल की स्थिति बन गई है.
जिले में धान खरीदी के लिए 154 केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 124 केंद्रों पर खरीदी चल रही है. अब तक 3,358.64 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है. बारिश के कारण शुक्रवार को ज्यादातर केंद्रों में खरीदी बंद रही. कुछ केंद्रों पर तिरपाल लगाकर तौल करने की कोशिश की गई, लेकिन किसानों के पहुंचने और तौल प्रक्रिया पर मौसम का असर पड़ा.
खरीदी केंद्रों में नमी और जलभराव का खतरा
बिरकोना, खमतराई और बिजौर सहित आसपास के कुछ केंद्रों पर बारिश के दौरान ताला लगा मिला और खरीदी बंद थी. केंद्रों में धान व बारदाने तिरपाल से ढंके हुए थे, लेकिन परिसर में कीचड़ और दलदल के कारण धान को सुरक्षित रखना चुनौती बना हुआ है. लगातार बारिश जारी रहने पर तिरपाल के बावजूद नमी बढ़ने से धान खराब होने की आशंका है.
कटे धान को अधिक नुकसान की आशंका
बारिश से खेतों में खड़ी पक चुकी फसल के गिरने और कटाई-मिंजाई में देरी का खतरा है. हालांकि, कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सबसे ज्यादा जोखिम उन किसानों की फसल को है, जिन्होंने लुआई के बाद धान को करपा या खरही के रूप में खेतों में रखा है. ऐसी फसल में नमी बढ़ने और खराब होने की आशंका है.
पूर्व उपसंचालक कृषि विभाग पीडी हेथेश्वर के अनुसार, शनिवार को दिन-रात बारिश जारी रहने पर इस तरह रखे धान का नुकसान करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. खड़ी फसल के करीब 10 प्रतिशत प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.
1.36 लाख किसानों ने कराया पंजीयन
जिले में इस वर्ष करीब 1.72 लाख एकड़ में धान की फसल बोई गई है. धान खरीदी के लिए 1.36 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है. किसान बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खेतों में जमा पानी निकालकर फसल को आगे के नुकसान से बचाया जा सके.
