बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव 2026 में 40 स्टॉलों के जरिए छत्तीसगढ़ के विकास और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर लगी प्रदर्शनी में महतारी वंदन, पीएम जनमन, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कामों को प्रदर्शित किया गया.
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण कार्यक्रम और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की जानकारी दी गई. आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत किए जा रहे कामों को बताया.
नगर निगम के स्टॉल पर नालंदा परिसर, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा और पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी दी गई. जिला पंचायत ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वीबी-जी राम जी योजना के जरिए ग्रामीण विकास तथा महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास दिखाए. शिक्षा विभाग ने छात्रवृत्ति, पोषण, डिजिटल शिक्षा और स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं प्रदर्शित कीं. आयुष विभाग के स्टॉल पर स्वास्थ्य जांच, परामर्श और मुफ्त दवाएं दी गईं.
जिले के औद्योगिक विकास के आंकड़े
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अनुसार, जिले में पिछले 26 साल में 3,542 उद्योग स्थापित हुए हैं. इनमें 1,62,252.95 लाख रुपये का निवेश हुआ और 20,037 लोगों को रोजगार मिला. विभाग ने औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत मिलने वाली छूट और सरकारी सहायता की जानकारी भी दी. पिछले तीन साल में 21 महिला उद्यमियों ने उद्योग शुरू किए हैं.
एनटीपीसी सीपत के स्टॉल पर फ्लाई ऐश से बनी ईंटें, गिट्टी, इंटरलॉकिंग ब्लॉक और पार्क की बेंच प्रदर्शित की गईं. राख से रेत बनाने की तकनीक और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बनाए उत्पाद भी दिखाए गए. एनटीपीसी के अनुसार, संकल्प कोचिंग के जरिए 100 से अधिक बच्चों को जेईई-नीट की मुफ्त तैयारी कराई जा रही है. बालिका सशक्तिकरण अभियान में 641 लड़कियों को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि 153 मेधावी छात्राओं को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है.
