बिलासपुर की पॉश रिहायशी कॉलोनी रामा वैली में सरकारी जमीन पर सर्किट हाउस बनाने को लेकर शनिवार को विवाद हो गया. भूमि पूजन के लिए डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव के पहुंचने पर कॉलोनी के रहवासियों ने विरोध किया. महिलाओं और अन्य लोगों ने मुख्य गेट पर उनका काफिला रोक दिया, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ.
यह जमीन रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे के पास स्थित है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जमीन कोटवारी भूमि के रूप में दर्ज थी और उस पर कालोनाइजर के कब्जे की शिकायत हुई थी. जांच के बाद प्रशासन ने जमीन को कब्जे से मुक्त कराया था. अब इसी सरकारी जमीन पर करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से सर्किट हाउस बनाने की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है.
रहवासियों ने उठाए सुरक्षा और सहमति के सवाल
रहवासियों का कहना था कि उन्हें कॉलोनी के भीतर सर्किट हाउस बनाए जाने की जानकारी कार्यक्रम से ठीक एक रात पहले मिली. उनका आरोप था कि अधिकांश कॉलोनीवासियों से सहमति लिए बिना निर्माण का निर्णय लिया गया.
उन्होंने डिप्टी सीएम के सामने कहा कि रिहायशी कॉलोनी के बीच सरकारी रेस्ट हाउस बनने से उनकी निजता और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. सामान्य आवागमन पर असर पड़ने की आशंका भी जताई गई.
विरोध की सूचना पर SDM और तहसीलदार मौके पर पहुंचे. बाद में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी रहवासियों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी आपत्तियों पर कायम रहे. प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति शांत कराई गई और पुलिस अधिकारियों तथा जवानों की मौजूदगी में विरोध के बीच भूमि पूजन कराया गया.
