नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए बिलासपुर और रतनपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान चलाया. टीम ने रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और आसपास की प्रसादी दुकानों, होटलों व चाट-ठेलों का निरीक्षण किया.
अभियान के दौरान नारियल लड्डू, उखरा और समोसे के नमूने जांच के लिए लिए गए. रतनपुर की श्रीराम किराना दुकान से सूजी, सेंधा नमक, पोहा और टोमेटो सॉस के निगरानी नमूने भी लिए गए. इन नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा गया है.
सड़े-गले फल मौके पर नष्ट कराए
खाद्य सुरक्षा टीम ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में फल दुकानों की भी जांच की. स्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त पाए गए सड़े-गले फलों को मौके पर ही नष्ट कराया गया. जिन दुकानदारों के पास वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन नहीं था, उन्हें तत्काल आवश्यक लाइसेंस अथवा पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए.
बिलासपुर शहर में अशोक नगर स्थित नटराज स्वीट्स से चमचम मिठाई और विनोबा नगर स्थित अन्नपूर्णा ट्रेडर्स से सनलिट ब्रांड की सूजी का नमूना लिया गया. इन नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है.
दुकानदारों और नागरिकों को जागरूक किया
कार्रवाई अभिहित अधिकारी आर.आर. देवांगन के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी की टीम ने की. निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और संबंधित नियमों की जानकारी दी गई. जागरूकता के लिए पोस्टर भी वितरित किए गए.
विभाग ने कहा है कि त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी रहेगी. नियमों की अनदेखी या मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.
