बिलासपुर में शारदीय नवरात्र, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारी की जा रही है. सप्तमी पर नेहरू चौक, होमगार्ड चौक और इंदिरा सेतु के रास्ते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पैदल रतनपुर पहुंचने की संभावना है. इस बीच शहर से रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर तक कई हिस्सों में जर्जर सड़कें श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं.

शांति समिति की बैठक में सुरक्षा निर्देश

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शुक्रवार को जिला कार्यालय में शांति समिति की बैठक ली. अधिकारियों ने लोगों से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की. रावण दहन के लिए सुरक्षित स्थान चुनने, आयोजन स्थल पर भीड़ के आवागमन और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए. यह भी कहा गया कि पुतले के ऊपर या आसपास बिजली के तार नहीं होने चाहिए.

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का मार्ग तय करने के लिए शनिवार 17 अक्टूबर को शाम 4 बजे रिवर व्यू में आयोजन समितियों, पुलिस और प्रशासन की बैठक होगी. बैठक में विसर्जन मार्ग और यातायात प्रबंधन पर समन्वय किया जाएगा.

एसएसपी ने आयोजन समितियों को DJ और साउंड सिस्टम के लिए निर्धारित ध्वनि सीमा और लागू नियमों का पालन करने को कहा. उल्लंघन होने पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

सप्तमी पर 24 घंटे दर्शन और बसों की सुविधा

महामाया मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण शर्मा के अनुसार, सप्तमी पर मां महामाया का दरबार पूरी रात खुला रहेगा और श्रद्धालु 24 घंटे दर्शन कर सकेंगे. पदयात्रा कर मंदिर पहुंचने वालों की वापसी के लिए 30 निशुल्क बसों की व्यवस्था की गई है. बसें सुबह से शाम तक अलग-अलग समय पर रवाना होंगी. मंदिर में 18 और 19 अक्टूबर को अष्टमी तथा 20 अक्टूबर को नवमी मनाई जाएगी. इस दौरान राजसी श्रृंगार, कन्या भोज और ब्राह्मण भोज भी आयोजित होंगे.

भारी वाहनों पर 19 घंटे की रोक

श्रद्धालुओं की पैदल आवाजाही को देखते हुए 17 अक्टूबर शाम 3 बजे से 18 अक्टूबर सुबह 10 बजे तक दर्शनार्थियों के मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. मोतीलाल पेट्रोल पंप, महाराणा प्रताप चौक, गुरु नानक चौक, बिलासपुर-सेंदरी-रतनपुर फोरलेन तिराहा, सेंदरी-मोपका बाईपास, हेलीपैड मोड़, कोटा मोड़, कर्रा और सिल्ली मोड़ समेत प्रमुख स्थानों पर यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की गई है.

रतनपुर में श्रद्धालुओं के लिए चार पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. बिलासपुर में तेलीपारा और दुर्गा पंडालों के आसपास शनिवार शाम 5 बजे से देर रात तक यातायात दबाव रहने की संभावना है. नागरिकों से छोटे वाहनों या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने, निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने और पंडाल परिसर में वाहन न ले जाने की अपील की गई है.