भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने बिलासपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी. गरबा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे रवि किशन ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा और भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी.

रवि किशन ने कहा कि अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. उनके मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने यह चुनौती स्वीकार कर ली है. अब अखिलेश यादव को भी अयोध्या से चुनाव मैदान में उतरना चाहिए और अपनी चुनौती से पीछे नहीं हटना चाहिए. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता, खासकर अयोध्या के लोग, इस मुकाबले को देखना चाहते हैं.

योगी सरकार के कामकाज का किया बचाव

रवि किशन ने योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश में बदलाव का दावा किया. उन्होंने कहा कि पहले बिजली के बिल तो आते थे, लेकिन बिजली की आपूर्ति नहीं होती थी. उनके अनुसार, राज्य में पहले बाहुबलियों और माफिया का प्रभाव था, जबकि अब हालात बदले हैं. उन्होंने उत्तर प्रदेश के ‘बीमारू प्रदेश’ की छवि से बाहर निकलकर ‘उत्तम प्रदेश’ बनने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही.

ये सभी दावे रवि किशन ने अपने राजनीतिक संबोधन के दौरान किए. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सब समझती है और अगले विधानसभा चुनाव में विपक्ष को हार का सामना करना पड़ेगा.

अच्छी कहानी मिलने पर छत्तीसगढ़ी फिल्म में काम करेंगे

छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव पर रवि किशन ने कहा कि बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के लोगों से उन्हें हमेशा प्यार मिला है. उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में संभावनाएं बताते हुए कहा कि अच्छी कहानी और मजबूत विषय वाली फिल्म दर्शकों के बीच जगह बना सकती है.

उन्होंने कहा कि भोजपुरी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में कई समानताएं हैं. दोनों क्षेत्रों में पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक सोच को महत्व दिया जाता है. रवि किशन के मुताबिक, यदि उन्हें अच्छी कहानी मिली तो वह छत्तीसगढ़ी फिल्म में काम करना चाहेंगे.

युवाओं और मीम्स पर भी बोले

Gen Z पर रवि किशन ने कहा कि युवा देश की आत्मा हैं और आने वाले समय में यही पीढ़ी संसद, विधानसभा, इंजीनियरिंग और सेना सहित अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी संभालेगी. उन्होंने खुद को सामान्य इंसान बताते हुए कहा कि युवाओं से जुड़ने के लिए उनकी सोच को समझना जरूरी है.

अपने ऊपर बनने वाले मीम्स पर उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय कुछ समय शांत रहना चाहिए. उन्होंने इसे हल्के अंदाज में ‘नींबू का शरबत बनाने’ से जोड़ा और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी.

गरबा कार्यक्रम में मेहनत और ईमानदारी का संदेश

महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित गरबा कार्यक्रम में रवि किशन ने युवाओं से मेहनत और ईमानदारी का रास्ता नहीं छोड़ने को कहा. उन्होंने मुश्किल समय में भगवान शिव को याद करने की बात कही. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक भी मौजूद रहे. रवि किशन ने मंच से कहा कि पहले नाम कमाना चाहिए, पैसा उसके बाद अपने आप आता है.