छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित अज्ञेयनगर के एक निर्माणाधीन बहुमंजिला आवासीय प्रोजेक्ट की विकास अनुज्ञा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNC) ने रद्द कर दी है. यह कार्रवाई चार सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई. विभाग के अनुसार, बिल्डर को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, लेकिन उसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया.
यह प्रोजेक्ट अनंत रियलिटी के संचालक नमन गोयल की ओर से 0.62 एकड़ जमीन पर बनाया जा रहा था. जमीन खसरा नंबर 15/1, 157/26 और 158/30 में दर्ज है. शिकायतों में मास्टर प्लान के विपरीत आवासीय मार्ग की जमीन को प्रोजेक्ट में शामिल करने और गलत नक्शे के आधार पर मंजूरी लेने का आरोप लगाया गया था. जांच में शिकायतों के कई बिंदु सही पाए गए.
स्वीकृति और नक्शे में अंतर
स्वीकृत विकास अनुज्ञा में 15 ब्लॉकों में चार मंजिल और प्रत्येक मंजिल पर एक फ्लैट के हिसाब से कुल 60 फ्लैट प्रस्तावित थे. जांच के दौरान नक्शे के कुछ हिस्सों में छह मंजिल दिखाई गईं. इससे फ्लैटों की संख्या 90 तक पहुंच गई. समिति के मुताबिक, इसका असर EWS और LIG श्रेणी के फ्लैटों की गणना पर भी पड़ा.
EWS-LIG फ्लैटों के लिए तिफरा के खसरा नंबर 407/7 में जमीन उपलब्ध कराने का शपथ पत्र दिया गया था, लेकिन जांच में यह जमीन बिल्डर के नाम दर्ज नहीं मिली. मौके पर नियमों के अनुसार 10 प्रतिशत खुला क्षेत्र भी नहीं पाया गया और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं मिली.
जांच में पहुंच मार्ग को लेकर भी विरोधाभास सामने आया. विक्रय पत्रों में रास्ते की चौड़ाई 20 फीट दर्ज थी, जबकि विकास अनुज्ञा में इसे 40 फीट बताया गया था. समिति के अनुसार, इस्तेमाल किया जा रहा भूखंड पहले से स्वीकृत अभिन्यास का हिस्सा था और उसके उपयोग के लिए नियमानुसार संशोधन नहीं कराया गया था.
शिकायत के बाद संयुक्त संचालक विनीत नायर की अध्यक्षता में समिति गठित की गई थी. इसमें रोहित गुप्ता, प्रतीक दीक्षित और आलोक त्रिपाठी शामिल थे. समिति ने स्थल निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट TNC आयुक्त अवनीश शरण को सौंपी, जिसके आधार पर विकास अनुज्ञा रद्द करने का आदेश जारी हुआ.
