बिलासपुर के राजकिशोर नगर में एक सेवानिवृत्त SECL कर्मचारी से 1.39 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित 66 वर्षीय भक्तिमय चौधरी ने पुलिस को बताया कि 12 अक्टूबर को उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया था. इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से लेनदेन किया.
चौधरी के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे मोबाइल के सामान्य रूप से काम करना बंद करने के बाद उन्हें संदेह हुआ. शाम करीब 6 बजे बैंक का मोबाइल एप्लीकेशन देखने पर खाते से 65 हजार और 73 हजार रुपये के दो अलग-अलग लेनदेन की जानकारी मिली. कुल 1.38 लाख रुपये बचत खाते से निकाले गए थे.
घटना के बाद उन्होंने उसी रात राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. अगले दिन बैंक और तारबाहर स्थित साइबर क्राइम ब्रांच पहुंचकर उन्होंने बैंक स्टेटमेंट भी उपलब्ध कराया.
क्रेडिट कार्ड के जरिए हुई खरीदारी
साइबर सेल की प्रारंभिक तकनीकी जांच में सामने आया कि बचत खाते से निकाली गई रकम पहले पीड़ित के क्रेडिट कार्ड में जमा की गई. इसके बाद उसी कार्ड से 40,918 रुपये, 65 हजार रुपये और 32 हजार रुपये के तीन भुगतान किए गए. ये भुगतान फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड को किए जाने की जानकारी जांच में मिली है.
पीड़ित की लिखित शिकायत और साइबर सेल की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर सरकंडा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब संबंधित ऑनलाइन ऑर्डर, लेनदेन और खरीदारी के लिए इस्तेमाल की गई आईडी की जानकारी फ्लिपकार्ट से मांग रही है. आरोपियों की पहचान और रकम की अंतिम स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी.
