बिलासपुर की सड़कों की बदहाली पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है. चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने कहा कि अदालत में पेश किए गए शपथपत्रों से सड़कों की स्थिति बेहद खराब दिखाई देती है.

यह जनहित याचिका वर्ष 2021 से लंबित है. अदालत ने कहा कि इतने लंबे समय के बाद भी राज्य की सड़कों, खासकर बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में, कोई ठोस सुधार नजर नहीं आ रहा है.

सेंदरी-मोपका बाईपास पर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश

सुनवाई के दौरान सेंदरी-मोपका बाईपास को लेकर राज्य सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच जिम्मेदारी की स्थिति पर भी सवाल उठे. NHAI के शपथपत्र के अनुसार मोपका-सेंदरी सड़क अब तक उसे सौंपी नहीं गई है. सड़क अभी लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में है और संचालन तथा रखरखाव की जिम्मेदारी भी उसी की है.

अदालत ने इस स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि राज्य सरकार या तो परियोजना पूरी करने में रुचि नहीं ले रही है या इसे NHAI को सौंपना नहीं चाहती. राज्य सरकार की ओर से शासकीय अधिवक्ता ने लोक निर्माण विभाग के सचिव का शपथपत्र पेश करने के लिए समय मांगा.

निगम आयुक्त से मांगी गई रिपोर्ट

सुनवाई में बिलासपुर नगर निगम की ओर से कोई अधिवक्ता उपस्थित नहीं था. हाईकोर्ट ने निगम आयुक्त को अगली सुनवाई में स्वयं उपस्थित होने या निगम की ओर से उचित प्रतिनिधि भेजने का निर्देश दिया है. ऐसा नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

न्याय मित्र सीनियर एडवोकेट राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल एक भी सड़क ऐसी नहीं है, जिसे ठीक से चलने योग्य कहा जा सके. उन्होंने पूजा पर्व से पहले सड़कें ठीक नहीं होने पर हादसों और लोगों के घायल होने की आशंका जताई.

अदालत ने निगम आयुक्त से सड़क मरम्मत के लिए उठाए गए कदमों का शपथपत्र मांगा है. मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर 2026 को होगी. NHAI को बिलासपुर-रायपुर सड़क परियोजना की संभावित समय-सीमा से संबंधित जानकारी भी पेश करनी होगी.

पांच सड़कों के काम पर लागत का पेच

नगर निगम की करीब 12 किलोमीटर लंबी पांच प्रमुख सड़कों का काम डामरीकरण के चरण में है. इनकी अनुमानित लागत लगभग 50 करोड़ रुपये बताई गई है. डामर की कीमत बढ़ने और उपलब्धता की समस्या का हवाला देते हुए ठेकेदारों ने स्वीकृत एस्टीमेट संशोधित करने की मांग की है.

प्रस्ताव शासन को भेजा गया है और आगे की कार्रवाई उसके निर्देशों पर निर्भर करेगी. प्रभावित सड़कों में अशोक नगर रोड, साइंस कॉलेज से सब्जी मंडी रोड, अपोलो रोड, स्मृति वन-शनि मंदिर रोड और अरपा अटल पथ शामिल हैं.