बिलासपुर में खराब सड़कों और धूल की समस्या के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शनिवार को शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के साथ पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की सड़कों की स्थिति देखी. डामर की दरें बढ़ने और संशोधित दरों से जुड़ी प्रक्रिया के कारण 160 करोड़ रुपये से ज्यादा के सड़क कार्य फिलहाल रुके हुए हैं.
कलेक्टर ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता मानकों का पालन करने और काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान आम लोगों की सुविधा, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए. निर्माणाधीन सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव करने को कहा गया, ताकि धूल के गुबार से लोगों को परेशानी न हो.
प्रमुख सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण
कलेक्टर ने दयालबंद से दर्रीघाट तक सड़क सुदृढ़ीकरण और लाल खदान ओवरब्रिज से दर्रीघाट तक फोरलेन सड़क निर्माण का जायजा लिया. करीब 30 करोड़ रुपये की लागत वाले इन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए. निर्माण में बाधा बन रहे सीएसईबी के बिजली खंभों की शिफ्टिंग को प्राथमिकता से कराने और विभागों के बीच समन्वय बनाने को कहा गया.
गुरुनानक चौक से स्मृति वन और स्मृति वन से शक्ति चौक तक मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत करीब 9 करोड़ रुपये के सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर और लाइटिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई.
अशोक नगर चौक से बिरकोना तक करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे गौरव पथ में डामरीकरण से पहले के काम जल्द पूरा करने को कहा गया. साइंस कॉलेज से शनिचरी रपटा तक करीब 4.50 करोड़ रुपये के प्रस्तावित सड़क निर्माण की भी समीक्षा हुई.
संशोधित डामर दरों को लेकर शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है. आदेश मिलने के बाद डामरीकरण शुरू किया जा सकेगा. तब तक अन्य निर्माण कार्य पूरे करने, यातायात पुलिस से समन्वय रखने और दुर्घटनाओं से बचाव के सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.
