बिलासपुर में नवरात्रि पर्व के बीच बिजली कटौती से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई. मंगलवार को सरकंडा जोन में सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही. बिजली वितरण कंपनी ने यह कटौती रखरखाव कार्य के तहत की थी.

त्योहार के दौरान बिजली बंद रहने पर उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई. उनका कहना है कि यदि रखरखाव का काम पहले किया जाता तो नवरात्रि के दौरान लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ती. शहर में घोषित कटौती के साथ कुछ इलाकों में अघोषित बिजली बाधित होने की शिकायतें भी सामने आईं.

कोनी सबस्टेशन में मरम्मत से इन इलाकों पर असर

33/11 केवी कोनी सबस्टेशन में मरम्मत कार्य के चलते लोधीपारा, बनवारी लाल पारा, लक्ष्मी निवास, कलश आवास, शिवघाट और ललित पेट्रोल पंप के आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहने की जानकारी दी गई.

इससे पहले सोमवार को नेहरू नगर जोन के जेपी विहार, नर्मदा नगर रोड और मुंदड़ा हॉस्पिटल के पास ट्रांसफॉर्मर का डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स बदलने के लिए करीब तीन घंटे बिजली बंद रही.

गोलबाजार और गोंड़पारा फीडर से जुड़े गोलबाजार क्षेत्र, मध्यनगरी चौक और ईदगाह चौक में भी सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक आपूर्ति बाधित रही. यह कटौती एक निजी अस्पताल को बिजली आपूर्ति देने से जुड़े कार्य के दौरान की गई थी.

इससे पहले रविवार रात करीब 2 बजे महाराणा प्रताप चौक और व्यापार विहार क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी. उपभोक्ताओं के शिकायत करने के बावजूद रातभर बिजली बहाल नहीं होने की बात सामने आई.