छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रयास पब्लिक स्कूल के बैंक खाते को कथित तौर पर म्यूल अकाउंट की तरह इस्तेमाल कर 1.12 करोड़ रुपये का लेनदेन किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, खाते से रकम 100 से अधिक बैंक खातों में ट्रांसफर की गई. सरकंडा पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की डायरी कोलकाता भेज दी है.

राजकिशोर नगर निवासी और स्कूल संचालक डॉ. सचिन यादव ने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त को कोलकाता जाने के दौरान धरमतला के पास उनका जियो सिम लगा मोबाइल गुम हो गया था. उन्होंने मोबाइल की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला. इसके बाद बैंक खाते फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई. जियो सेवा केंद्र पर सिम बंद कराने की कोशिश की गई, लेकिन पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण सिम तत्काल बंद नहीं हो सका.

शिकायत के मुताबिक, 14 अगस्त को खाते से पहले 800 रुपये का ट्रायल ट्रांजेक्शन किया गया. इसके बाद खाते में 1.12 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ और रकम कई खातों में भेज दी गई. स्कूल का ICICI बैंक खाता गुम हुए मोबाइल नंबर से जुड़ा था. संचालक ने 16 अगस्त को पुराना नंबर दोबारा जारी कराया और अगले दिन ईमेल देखने पर संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली.

डॉ. यादव के अनुसार, लेनदेन से पहले खाते में 181 रुपये थे और रकम ट्रांसफर होने के बाद केवल 29 रुपये बचे. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

मोबाइल गुम होने पर पुलिस की सलाह

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने कहा कि मोबाइल गुम होते ही नजदीकी ऑपरेटर सेंटर या कस्टमर केयर से संपर्क कर सिम बंद कराना चाहिए. बैंक से यूपीआई और नेट बैंकिंग की सुविधा बंद कराने के साथ ही मोबाइल गुम होने की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में देने की सलाह दी गई है.