बिलासपुर जिले के स्कूलों में शिक्षा विभाग के औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की अनुपस्थिति और अध्यापन व्यवस्था में कमियां सामने आईं. संयुक्त संचालक शिक्षा अश्विनी भारद्वाज और सहायक संचालक प्रकाश तिवारी ने बिल्हा, चकरभाठा, हरदी और हिर्री के स्कूलों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं में पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जांच की.

चकरभाठा स्कूल में 13 व्याख्याता अनुपस्थित

चकरभाठा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में 17 व्याख्याताओं में से केवल चार अध्यापन के लिए पहुंचे थे. प्राचार्य प्रदीप कुमार केरकेट्टा समेत 13 व्याख्याता अनुपस्थित मिले. निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि उस दिन सिर्फ चार व्याख्याताओं ने निर्धारित कालखंड के अनुसार पढ़ाया था. बाकी व्याख्याताओं ने कोई कालखंड नहीं लिया था.

पर्याप्त संख्या में शिक्षक होने के बावजूद अध्यापन व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर प्राचार्य प्रदीप कुमार केरकेट्टा को नोटिस जारी किया गया. सभी व्याख्याताओं को समय-सारिणी के अनुसार नियमित रूप से कक्षाएं लेने के निर्देश दिए गए.

बिल्हा में भी मिली लापरवाही

बिल्हा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में 10 व्याख्याताओं में से आठ उपस्थित मिले. हालांकि, संकुल शैक्षिक समन्वयक के नियमित रूप से अध्यापन नहीं करने की बात सामने आई. इस पर प्राचार्य चंद्रमान ठाकुर को नोटिस दिया गया. शारीरिक शिक्षा शिक्षक आशीष लहरे की नियमित उपस्थिति भी नहीं मिली.

हरदी की शासकीय प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई. प्रधान पाठक शुक्ला और भोजन बनाने वाले समूह को चेतावनी देकर गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए. पूर्व माध्यमिक शाला हरदी में पदस्थ भृत्य कृष्ण कुमार के संलग्नीकरण की जानकारी मिलने पर उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए.

हिर्री की शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शाला में पढ़ाई समेत अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं.